17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
0 मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित होंगे देशभर में सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सरकार के प्रमुख के रूप में उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से देशभर में शुरू होगा। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि महीनेभर सेवा, जनकल्याण, जनभागीदारी और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा शुरू हुई। 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सेवा यात्रा को अभियान के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की केंद्रीय थीम ‘सेवा’ रखी गई है। अभियान के तहत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां होंगी। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’ के जरिए प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याणकारी कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स और प्रोफेशनल्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। वहीं ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होगी। 17 अक्टूबर को देश के चार स्थानों पर ‘सुशासन संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। इसमें सरपंचों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी तथा विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
लाभार्थियों की जुबानी पहुंचेगी योजनाओं की कहानी
‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं ‘सेवा की कहानी-लाभार्थियों की जुबानी’ कार्यक्रम में केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभव वीडियो के माध्यम से सामने लाए जाएंगे। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत पदयात्रा और बाइक रैली निकालकर विकसित भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। चंदेल ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियां जनभागीदारी से आयोजित होंगी। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाकर पात्र लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ के तहत मानव श्रृंखला, रंगोली और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम होंगे।
![]()
































