कोरबा। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े ठगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दो शातिर युवकों ने पहले महिला से होटल का पता पूछा, फिर उसे अपनी बातों में ऐसा उलझाया कि महिला उनके साथ गली की ओर चली गई। इसके बाद जो हुआ, उसने महिला को भी हैरान कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला ने खुद अपने हाथों से सोने की चेन और चार अंगूठियां उतारकर युवकों को सौंप दीं। ठगों ने गहनों को रुमाल में बांधा और मौके से फरार हो गए। महिला को कुछ देर बाद जब घटना का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए। राताखार निवासी महिला खरीदारी के लिए निकली थी। पुराने बस स्टैंड के पास दो युवकों ने उससे एक होटल का पता पूछा। बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने महिला को अपने प्रभाव में लिया और होटल दिखाने के बहाने मेन रोड से अंदर गली की ओर ले गए। महिला के अनुसार, इसी दौरान वह सम्मोहन जैसी स्थिति में आ गई और उसने अपनी सोने की चेन तथा चार अंगूठियां उतारकर युवकों को दे दीं। दोनों ने गहनों को रुमाल में बांधा और वहां से निकल गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। उसने अपने पति को बुलाया और दोनों सिटी कोतवाली पहुंचे। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्ध महिला से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आसपास के होटल और लॉज में भी संदिग्धों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। महिला के अनुसार, चेन और चारों अंगूठियों का कुल वजन करीब 40 से 50 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।पुलिस ने संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
.
![]()
































