कोरबा। सोमवार 14 सितंबर की शाम सूर्यास्त के बाद कोरबा के आसमान में खगोलीय नजारे ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पश्चिम दिशा में पतले हंसिए जैसे चांद के बेहद करीब चमकीला शुक्र ग्रह नजर आया। दोनों की नजदीकी से आसमान में त्रिकोण जैसी आकृति दिखाई दी। इस खगोलीय घटना को कमला नेहरू महाविद्यालय के भूगोल विभागाध्यक्ष एवं स्काई-वॉचर अजय कुमार मिश्रा ने कैमरे में कैद किया।
बताया गया कि करीब 10 फीसदी प्रकाशित चांद शुक्र के बेहद करीब नजर आया। इस दौरान चांद शुक्र से लगभग 0.5 डिग्री उत्तर से गुजरा। सूर्यास्त के बाद दोनों को करीब एक घंटे तक पश्चिमी क्षितिज की ओर देखा जा सकता था, जिसके बाद वे क्षितिज के नीचे चले गए। इस खगोलीय घटना की खास बात मून -विनस आकल्टेशन रही। इसमें चांद पृथ्वी और शुक्र के बीच ऐसी स्थिति में आता है कि कुछ स्थानों से शुक्र चांद के पीछे छिपता हुआ दिखाई देता है। हालांकि, इसका दृश्य हर स्थान से एक जैसा नहीं रहा।
नंगी आंखों से भी दिखा चमकीला शुक्र
शुक्र ग्रह अपनी अत्यधिक चमक के कारण बिना दूरबीन के भी आसानी से दिखाई देता है। साफ आसमान और क्षितिज होने पर चांद के साथ शुक्र का यह खूबसूरत नजारा देखा जा सकता था। इसके अलावा शुक्र के ऊपर की ओर स्पीका (चित्रा नक्षत्र) भी नजर आया, जबकि बेहद साफ क्षितिज होने पर बुध के दिखाई देने की संभावना भी थी।
![]()
































