कोरबा। वनांचल में गणेशोत्सव की धूम के बीच एनएच-130 पर चोटिया डम्प एरिया के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लोनर हाथी अचानक सड़क पर पहुंच गया। हाथी को सड़क पर देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। कुछ लोग खतरे को नजरअंदाज कर हाथी के बेहद करीब पहुंचकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। लोगों की भीड़ को नजदीक आता देख हाथी आक्रामक हो गया और हमला करने के इरादे से उनकी ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख मौके पर भगदड़ मच गई और लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में इन दिनों 32 हाथियों की मौजूदगी से वनांचल में दहशत का माहौल है। इनमें 26 हाथी कापानवापारा, पांच लालपुर और एक लोनर हाथी चोटिया क्षेत्र में विचरण कर रहा है। चोटिया क्षेत्र का यही लोनर हाथी एनएच-130 पर पहुंच गया था।कापानवापारा और लालपुर क्षेत्र में सक्रिय हाथियों ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के दल ने डेढ़ दर्जन से अधिक ग्रामीणों की धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। फसल बर्बाद होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों से फसल और जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की गुहार लगाई है। इधर, एतमानगर रेंज के रिंगनिया में मौजूद एक लोनर हाथी ने भी रात में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने छह ग्रामीणों की फसल को रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं गुरसियां सर्किल के ठाढ़पखना क्षेत्र में मौजूद 18 हाथियों के दल ने अपना लोकेशन बदलते हुए एक बार फिर बंजारी का रुख कर लिया है। हाथियों के दल को बंजारी सर्किल के सलिहाभाठा में विचरण करते देखा गया। सूचना मिलने के बाद वन अमला और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए हैं। टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को टाला जा सके।
![]()
































