कोरबा। एसईसीएल के जूनाडीह-दीपका साइडिंग के बीच असामाजिक तत्वों ने मालगाड़ी में पथराव कर दिया। घटना में मालगाड़ी के लोको पायलट के सिर पर गंभीर चोटें आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ व पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में लगी थी। आखिरकार पुलिस ने एक आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया। उसे वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायालय में पेश किया गया है।
घटना दीपका थानांतर्गत 10 सितंबर की रात करीब 10.15 बजे घटित हुई थी। लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी संख्या एन बाक्स 15 के इंजन को लेकर जूनाडीह से दीपका साइडिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने मालगाड़ी में पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई। मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोष्ट कोरबा में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। दीपका पुलिस व आरपीएफ की टीम आरोपियों की पतासाजी कर रही थी। इस बीच दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी को मुखबीर से आरोपी के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी। जिसके आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम वार्ड नंबर 7 कृष्णानगर दीपका निवासी रोशन तिवारी 26 वर्ष बताया। उसने मालगाड़ी में पथराव की बात स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को रेलवे न्यायालय में पेश कर दिया है।
![]()
































