कोरबा। अखंड सुहाग और पति की दीर्घायु की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने सोमवार को हरतालिका तीज का निर्जला व्रत रखा। तीज को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह रहा। व्रत से एक दिन पहले रविवार को महिलाओं ने नहाय-खाय किया, जबकि सोमवार को पूरे दिन अन्न और जल का त्याग कर व्रत रखा। शाम होते ही घरों और मंदिरों में शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी।
महिलाओं ने मिट्टी से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा तैयार कर विधि-विधान से पूजा की। कई घरों में महिलाओं ने परिवार के साथ तीज की पूजा की, जबकि विभिन्न मंदिरों में सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान सुहागिनों ने सुहाग की सामग्री का दान कर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। तीज के अवसर पर महिलाओं ने नए वस्त्र धारण कर सोलह श्रृंगार किया। हाथों में मेहंदी रचाई और पारंपरिक तरीके से सजकर पूजा में शामिल हुईं। घरों में पर्व के विशेष प्रसाद के रूप में गुजिया सहित अन्य पकवान भी बनाए गए। शाम की पूजा के बाद कई स्थानों पर महिलाओं ने रातभर भजन-कीर्तन कर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने मंगलवार को सूर्योदय के बाद विधि-विधान से व्रत का पारण किया। तीज के दौरान पूरे जिले में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। महिलाओं ने भगवान शिव-पार्वती से अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और परिवार में सुख-शांति की प्रार्थना की।
![]()
































