कोरबा। जिले के किन्नर समाज में मालती किन्नर की मौत के बाद गुरुगद्दी के उत्तराधिकार को लेकर विवाद गहरा गया है। एक गुट जहां गुरुगद्दी पर अपना दावा जता रहा है, वहीं स्थानीय किन्नर इसका विरोध कर रहे हैं। विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। शनिवार को रायगढ़ की पूर्व महापौर मधु बाई के साथ किन्नर समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
बताया जा रहा है कि मालती किन्नर ने अपनी मृत्यु से पहले अपने एक चेले को गुरुगद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया था। मालती के चेले रानू किन्नर ने भी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह करीब 20 वर्षों से मालती किन्नर के साथ काम करता रहा है और गद्दीदार किन्नरों की परंपरा से जुड़ा हुआ है।
रानू किन्नर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब 15 दिनों से जम्मू से कुछ किन्नर कोरबा पहुंचे हैं और क्षेत्र में अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, वह इंडस्ट्रियल एरिया गया था, जहां उसकी सैलो राय नामक किन्नर से मुलाकात हुई। आरोप है कि सैलो राय ने उसे कोरबा छोडक़र दूसरे शहर चले जाने की धमकी दी। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद स्थानीय किन्नरों में आक्रोश है और उन्होंने जम्मू से आए गुट का विरोध शुरू कर दिया है। हालांकि, विरोध का सामना कर रहा दूसरा गुट भी मूल रूप से स्थानीय किन्नरों का ही बताया जा रहा है, जो लंबे समय से जम्मू में गुरु बनाकर रह रहा था। विवाद बढऩे के बाद शनिवार को रायगढ़ की पूर्व महापौर मधु बाई के साथ स्थानीय किन्नर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने गुरुगद्दी के विवाद, कथित मारपीट और धमकी के मामले में पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस से दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने और किन्नर समाज में शांति बनाए रखने की मांग की गई है।
![]()

