कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में शनिवार को मछली पकडऩे के दौरान एक ग्रामीण गहरे पानी में डूब गया। पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सकी। उसकी आंखों के सामने ही पति गहरे पानी में समा गया। सूचना के बाद नगर सेना की डीडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक तलाश के बावजूद ग्रामीण का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुदुरमाल के परसाभवना निवासी धरम धनुहार (40) शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कुदुरमाल स्थित एनिकट में मछली पकडऩे गया था। दोनों एनिकट में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान धरम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पति को पानी में डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे बाहर नहीं निकाल सकी। घटना के बाद महिला ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस ने नगर सेना की डीडीआरएफ टीम को भी घटना की जानकारी दी।
तेज बहाव और गहराई बनी चुनौती
सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पानी में डूबे ग्रामीण की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एनिकट में पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। टीम देर शाम तक लगातार तलाश में जुटी रही, लेकिन धरम धनुहार का कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को भी सुबह से खोजबीन शुरू की गई।
![]()

