कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम अरेतरा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक पेड़ से युवक-युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। दोनों को शुक्रवार देर शाम तक अपने-अपने घर में देखा गया था। रात में वे घर से कब निकले, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने घटना के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अरेतरा गांव के कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर पड़ी, जहां युवक और युवती के शव एक फंदे पर लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21) और मुनिता (18) के रूप में की। बताया गया कि मुकेश और मुनिता गांव में ही पले-बढ़े थे। शुक्रवार की देर शाम तक दोनों अपने-अपने घर में मौजूद थे। इसके बाद वे कब घर से निकले, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। दोनों के घर से गायब होने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान शनिवार सुबह जंगल में दोनों के शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस कर रही विभिन्न पहलुओं की जांच
सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। जिस परिस्थितियों में दोनों के शव मिले हैं, उसके आधार पर घटना को प्रेम संबंध से जोडक़र देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि दोनों के इस कदम के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
![]()

