कोरबा। सोशल मीडिया पर रील बनाकर खुद को डॉन साबित करने और लोगों के बीच दहशत फैलाने का शौक दो युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा गया। शहर की पुरानी बस्ती और फोकटपारा में रहने वाले दोनों युवक मोबाइल कैमरे के सामने बदमाशी का प्रदर्शन कर रील बनाते और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुरानी बस्ती निवासी गौतम तंवर (22) मोबाइल पर खुद को डॉन बताते हुए रील बनाता था। इन वीडियो के जरिए क्षेत्र में अपनी दहशत कायम करने की कोशिश करता और लोगों से शराब पीने के लिए पैसे की वसूली भी करता था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी दहशत का असर कम करने के लिए क्षेत्र में पैदल परेड भी कराई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा रही। इसी तरह फोकटपारा निवासी हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर (28) का अंदाज भी कुछ ऐसा ही था। वह हाथ में हथियार लहराकर लोगों को डराने वाली रील बनाता और सोशल मीडिया पर वायरल करता था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हथियार समेत पकड़ लिया। उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर रील के जरिए दहशत फैलाने वालों को साफ संदेश दिया है कि कैमरे के सामने की गई ‘बदमाशी’ भी कानून की नजर से नहीं बच सकती।
![]()

