कोरबा/कटघोरा। कटघोरा विकासखंड के ग्राम मड़वाडोड़ा में मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना के तहत लगाए गए सागौन के पौधों को कथित रूप से उखाड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने भाजपा नेता सहित चार लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता छेदूलाल कंवर (63 वर्ष) के अनुसार उन्होंने अपनी निजी भूमि खसरा नंबर 464, रकबा 0.652 हेक्टेयर में मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना के तहत आवेदन किया था। वन विभाग द्वारा 13 जुलाई 2026 को उन्हें 700 सागौन के पौधे उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें से लगभग 500 पौधों का रोपण किया जा चुका था।

आरोप है कि 15 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:10 बजे चार लोग ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, टंगिया लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BT 1533 से खेत की जुताई कर लगभग 500 सागौन के पौधों को उखाड़ दिया।
शिकायत में जिन लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं, उनमें गोवर्धन सिंह कंवर, महेंद्र पाल सिंह कंवर, चित्रभवन सिंह कंवर और आनंद भवन सिंह कंवर शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने इनमें से एक आरोपी को भाजपा नेता बताते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला माना जाएगा। फिलहाल संबंधित मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।
नोट: यह समाचार शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या संबंधित पक्ष का बयान सामने आना शेष है।
![]()
































