कोरबा। मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज परिसर में सेंधमारी कर एल्युमिनियम फ्रेम और अन्य सामान पार करने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंच गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने चोरी के मामले में एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए सब्बल, पेचकस समेत अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसने के बीच मानिकपुर पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है। कॉलेज परिसर में चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने इलाके में लगातार पतासाजी करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और उपलब्ध जानकारी को जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान की। जांच आगे बढ़ी तो चोरी की वारदात में एक वयस्क के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तीनों बालकों को संरक्षण में लिया। पुलिस की पूछताछ और निशानदेही के बाद चोरी की सामग्री भी बरामद कर ली गई। चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने सब्बल और पेचकस जैसे औजारों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने इन औजारों को भी जब्त कर लिया है। बरामद सामान में एल्युमिनियम के फ्रेम के अलावा एल्युमिनियम और लोहे की अन्य सामग्री शामिल है। बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की नजर
कोरबा पुलिस के ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आरोपियों की जल्द पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है। थाना और पुलिस सहायता केंद्र स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
.
![]()
































