कोरबा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के तत्वावधान में 25 से 27 सितम्बर के बीच कोरबा बैडमिंटन लीग (केबीएल-3) सीजन-3 का आयोजन किया जाएगा। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किए गए जा रहे टूर्नामेंट को विस्तार देते हुए इस बार संभाग स्तर पर खिलाड़ी आमंत्रित किए गए हैं। केबीएल-3 में मेजबान कोरबा के अलावा बिलासपुर संभाग के 8 जिलों की 65 टीमें और 200 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिनके बीच 140 लीग मैच, 14 सेमीफाइनल और 7 फाइनल समेत कुल 161 रोमांचक मुकाबलों के बाद केबीएल-3 में वर्ष 2026 के 7 विजेताओं का फैसला होगा।
छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन (सीजीबीए) की अनुमति व कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (केडीबीए) के सहयोग से खेल आयोजन किया जा रहा है। मेजबान जिला कोरबा के अलावा बिलासपुर संभाग अंतर्गत विभिन्न जिलों से प्रतिभागिता दर्ज कराने वाले खिलाड़ी और उनकी कॉर्पोरेट टीमों में प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह है। कोरबा से सीएसईबी ईस्ट-वेस्ट, एसईसीएल कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा-दीपका, एनटीपीसी, सिंचाई विभाग, शिक्षक-चिकित्सक व विभिन्न विभागों के अफसर-कर्मी भाग लेंगे। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने मैच के दौरान नॉन-मार्किंग बैडमिंटन शू पहनने होंगे। लाइन्समैन और चेयर अंपायर का फैसला अंतिम व सर्वमान्य माना जाएगा।
…….
फोटो -4
सीएचपी-साइलो की संरचनात्मक जांच, एनडीटी और निवारक रखरखाव समय पर करना होगा पूरा
0 कोल इंडिया ने एसईसीएल सहित अनुषंगी कम्पनियों को जारी किया निर्देश
कोरबा। कोयला संचालन संयंत्रों (सीएचपी) और साइलो की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर कोल इंडिया ने सख्ती बरतते हुए नियमित निरीक्षण, संरचनात्मक स्थिरता आकलन, एनडीटी और निवारक रखरखाव को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश अनुषंगी कम्पनियों को दिए हैं। कोयले के संचालन, निकासी और प्रेषण के लिए महत्वपूर्ण इन प्रतिष्ठानों में कंपन, भारी भार, जंग, धातु की थकान और घिसाव से उत्पन्न जोखिमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा पर जोर दिया गया है।
गत माह 5 अगस्त को आयोजित 190वीं सीएमडी बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई थी। बैठक के बाद जारी मासिक ज्ञापन के बिंदु क्रमांक 16 में सीएचपी और साइलो की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई तय की गई है। विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा किए गए स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी असेसमेंट और नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (एनडीटी) में सामने आने वाली महत्वपूर्ण टिप्पणियों व सिफारिशों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध अनुपालन करना होगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उसकी प्रभावशीलता की पुष्टि के लिए दोबारा एनडीटी अथवा संरचनात्मक स्थिरता आकलन कराया जाएगा। इसके बाद भी निर्धारित अंतराल पर मूल्यांकन दोहराने की व्यवस्था करनी होगी। सीएचपी के महत्वपूर्ण ढांचों का नियमित निरीक्षण कर कमियों की पहचान और तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। निरीक्षण की प्रक्रिया संयंत्र के एक छोर से व्यवस्थित रूप से शुरू कर पूरे प्रतिष्ठान तक जारी रखने तथा पूरा होने के बाद इसे दोहराते रहने कहा गया है। इसके दायरे में बेल्ट कन्वेयर गैलरी, पैदल मार्ग, कन्वेयर सपोर्ट स्ट्रक्चर, ट्राइपॉड, ब्रेस और गैन्ट्री, ट्रांसफर हाउस, जंक्शन टावर, कन्वेयर भवन, ड्राइव स्टेशन, टेल-एंड स्ट्रक्चर, लूप टेक-अप और काउंटरवेट सिस्टम शामिल हैं। प्लेटफॉर्म, सीढ़ियां, रेलिंग, सेफ्टी रेलिंग, मेश, ग्रिजली, नींव और स्ट्रक्चरल कनेक्शन की भी जांच करनी होगी। जंग की आशंका वाले हिस्सों तथा खराब होने की संभावना वाले अन्य महत्वपूर्ण संरचनात्मक घटकों की नियमित निगरानी की जाएगी। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को लंबित रखने के बजाय आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समय पर पूरी करनी होगी। सीएचपी और साइलो की सुरक्षा व्यवस्था में फोरमैन प्रभारी, ईएंडएम प्रभारी, कोलियरी इंजीनियर (ईएंडएम), एसओ (ईएंडएम), कोलियरी मैनेजर, प्रोजेक्ट ऑफिसर और एरिया जनरल मैनेजर स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। एनडीटी व संरचनात्मक स्थिरता आकलन की सिफारिशों के अनुपालन की प्रगति की नियमित निगरानी और समीक्षा भी की जाएगी।
……
महंगी बाइक और घूमने के शौक ने बनाया चोर, दो युवक गिरफ्तार
0 बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहे थे, पुलिस ने दबोचा, आरोपियों की निशानदेही पर दो दोपहिया बरामद
कोरबा। महंगी बाइक और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए दो युवकों ने अलग-अलग क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर लिए। चोरी की बाइक को खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो बाइक बरामद कर ली हैं। मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। शांतिनगर निवासी राहुल प्रजापति की बाइक 20 मई की रात चोरी हो गई थी। उसने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। नगर कोतवाल प्रेमचंद साहू ने प्रभार संभालने के बाद लंबित मामलों की जांच तेज करते हुए बाइक चोरी के आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान चिमनीभ_ा निवासी विशाल कुरील (25) और गोकुलगंज नोनबिर्रा निवासी राहुल यादव के रूप में बताई। पुलिस पूछताछ में दोनों ने महंगी बाइक और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है।
———–
फोटो-1-2
पोस्टर फाड़े, निशाने पर सरकारी प्रचार सामग्री
जैन चौक पर रातोंरात प्रधानमंत्री जन्मदिन कार्यक्रम के पोस्टर तार-तार, आसपास के बैनर सुरक्षित
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए पोस्टरों को बुधवारी जैन चौक पर असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर निशाना बनाया। रातोंरात जैन चौक के चारों ओर लगाए गए पोस्टर और फुटपाथ की रेलिंग पर लगी प्रचार सामग्री फाड़ दी गई। सुबह मौके पर पोस्टरों का केवल ढांचा नजर आया। हैरानी की बात यह रही कि आसपास लगे दूसरे बैनर-पोस्टर सुरक्षित रहे।
घंटाघर चौक में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना को लेकर करीब 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाए थे। जैन चौक पर जिस तरह पोस्टरों को चुन-चुनकर फाड़ा गया, उससे स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर इसके पीछे किसकी मंशा थी। यदि यह महज शरारत थी तो दूसरे पोस्टरों को नुकसान क्यों नहीं पहुंचाया गया? और यदि किसी उद्देश्य से प्रचार सामग्री को निशाना बनाया गया, तो इसकी जांच कौन करेगा?
बॉक्स
सीसीटीवी खंगालने की जरूरत
जैन चौक और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए तो रात के समय पोस्टर फाड़ने वालों की पहचान हो सकती है। सरकारी आयोजन के प्रचार के लिए सार्वजनिक स्थान पर लगाई गई सामग्री को नुकसान पहुंचाने के मामले में नगर निगम और पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह अब देखने वाली बात होगी। घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
![]()































