कोरबा। महंगी बाइक और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए दो युवकों ने अलग-अलग क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर लिए। चोरी की बाइक को खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो बाइक बरामद कर ली हैं। मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। शांतिनगर निवासी राहुल प्रजापति की बाइक 20 मई की रात चोरी हो गई थी। उसने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। नगर कोतवाल प्रेमचंद साहू ने प्रभार संभालने के बाद लंबित मामलों की जांच तेज करते हुए बाइक चोरी के आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान चिमनीभ_ा निवासी विशाल कुरील (25) और गोकुलगंज नोनबिर्रा निवासी राहुल यादव के रूप में बताई। पुलिस पूछताछ में दोनों ने महंगी बाइक और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है।
![]()
































