कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनीपाली में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने एक अधेड़ की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकती देखी। मृतक की पहचान गांव निवासी पूरन सिंह कंवर (50) के रूप में हुई है। वह बालको में एक ठेका कंपनी के तहत श्रमिक के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूरन सिंह ने शनिवार रात परिजनों के साथ बैठकर भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह जब वह घर में नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत की ओर जा रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटक रही उसकी लाश पर पड़ी। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान पूरन सिंह के रूप में की।
घटना की सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मृतक बालको की एक ठेका कंपनी में कार्यरत था और करीब पांच दिनों से काम पर नहीं गया था। परिजनों के अनुसार वह किसी बात को लेकर परेशान था, लेकिन आत्मघाती कदम उठाने की वजह के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ठेका कंपनी से जुड़े पहलुओं सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
–
![]()
































