कोरबा। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। रविवार शाम रामपुर हाउसिंग बोर्ड ब्लॉक में ट्रांसफार्मर से घरों तक गई एलटी लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। करीब 20 से 25 मिनट तक लाइन में रुक-रुककर चिंगारियां निकलती रहीं और पटाखे जैसी तेज आवाजों के साथ धमाके होते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बारिश के दौरान अचानक बिजली के तारों में चिंगारी निकलते देख कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। तार आपस में टकराने के कारण तेज आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट होता रहा। खतरे को देखते हुए लोगों ने तत्काल अपने-अपने घरों के मेन स्विच बंद कर दिए। इस दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट के कारण कई घरों के बिजली उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। बारिश के बीच लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। अंधेरे में घरों में सांप-बिच्छू घुसने का डर भी लोगों को सताता रहा। घटना को लेकर कॉलोनीवासियों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।घटना की जानकारी लोगों ने बिजली विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेन लाइन बंद कर मरम्मत का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फाल्ट को ठीक किया गया और बिजली व्यवस्था बहाल की गई। बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के मुड़ापार, अमरैयापारा सहित कई बस्तियों में भी बिजली के बार-बार आने-जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार फाल्ट के कारण बिजली बंद और चालू होने से फ्रिज, टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की शिकायतें भी मिल रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर से घरों तक पहुंचने वाली एलटी लाइन के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। बारिश के दौरान इनमें चिंगारी निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदलने और लाइन की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान शॉर्ट सर्किट और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से राहत मिल सके।
![]()
































