कोरबा।नगर पालिक निगम के आयुक्त और स्वच्छता कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धमकी के मामले ने शहर की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस घटना के विरोध में नगर निगम के पार्षद एकजुट हो गए हैं। बुधवार को पार्षदों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार पावर हाउस रोड स्थित राहुल बैग के संचालक दीपक धामेचा और अजय धामेचा पर आरोप है कि उन्होंने नगर निगम के आयुक्त और स्वच्छता दल के साथ बदसलूकी की। स्वच्छता कर्मचारी उत्तम दास महंत पिता स्व. बैटमाल दास महंत के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने और देख लेने की धमकी दी। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाकर सरकारी अमले को काम करने से रोका गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी एकजुट हो गए। पार्षदों का कहना है कि शासकीय कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि इससे नगर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों पर भी विपरीत असर पड़ता है। कलेक्टर और एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में पार्षदों ने मांग की है कि धमकाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और जेल भेजा जाए। पार्षदों ने कहा कि ऐसा न होने पर भविष्य में अन्य लोग भी सरकारी कर्मचारियों को धमकाने की हिम्मत करेंगे। ज्ञापन देने वालों में वार्ड 21 की पार्षद कुमारी वर्मा, वार्ड 16 के रामकुमार साहू, वार्ड 36 के अजय कुमार गौड़, वार्ड 28 की रिन्मरनजीत कौर, वार्ड 17 के लक्ष्मण श्रीवास, उपसभापति संतोष सिंह ठाकुर सहित अन्य पार्षद शामिल रहे। नगर निगम के सभापति नूतन सिह ठाकुर ने कहा कि शासन प्रशासन की योजनाएं जनहित में होती हैं। कोई भी व्यक्ति उसमें बाधा पहुंचाने का दुस्साहस करे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि एक संदेश जाए।
![]()
































