कोरबा। शासकीय पीजी महाविद्यालय ने परिक्षेत्र स्तरीय कबड्डी महिला प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पीजी कॉलेज कोरबा ने शासकीय एमडीपी महाविद्यालय कटघोरा को एकतरफा अंदाज में 47-16 अंकों से पराजित किया।
प्रतियोगिता में परिक्षेत्र के आठ महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में कोरबा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और रेडिंग के साथ डिफेंस में भी बेहतर तालमेल बनाते हुए कटघोरा की टीम पर दबाव बनाए रखा। अंतत: 31 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनी। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जनभागीदारी अध्यक्ष चंद्रलोक सिंह, प्राचार्य डॉ. एलएन कंवर, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक सुमित कुमार सिंह तथा जनभागीदारी समिति के सदस्य युवराज चंद्रा, रश्मि श्रीवास और विवेक राजवाड़े उपस्थित रहे।आयोजन को सफल बनाने में क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र ध्रुव, अनिमा तिर्की, राजकुमारी मरकाम, साहनी चौहान, विनय यादव, सुमित कुमार सिंह, मसूद अहसन, अनुराग देवांगन, अभीतोष सिंह, गोकुल देवांगन, नजीर एवं संतोष का योगदान रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की क्रीड़ा समिति के सदस्यों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही। यह जानकारी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बीएस राव ने दी।
रोशनी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, जागृति बेस्ट रेडर
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रोशनी पटेल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, जागृति यादव को बेस्ट रेडर तथा शशि रानी को बेस्ट डिफेंडर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सावित्री जायसवाल, रामप्रकाश पटेल, नीलू चंद्रा एवं रामदास मानिकपुरी ने निभाई।
![]()

