कोरबा। विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आराधना का 10 दिवसीय महापर्व सोमवार को गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापना के साथ शुरू हो गया। सुबह से ही शहर सहित जिले के प्रमुख इलाकों में ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘जय गणेश-जय गणेश देवा’ के जयघोष गूंजते रहे। कटघोरा, चित्रा टॉकीज मल्टीप्लेक्स, रानी रोड, टीपी नगर, आरपी नगर, एमपी नगर, बालको और दीपका सहित सैकड़ों स्थानों पर आकर्षक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजित की गईं।

सुबह से देर रात तक ढोल-नगाड़ों के साथ गणेश प्रतिमाओं को पंडालों और घरों तक लाने का सिलसिला चलता रहा। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडालों में विधि-विधान से स्थापना और पूजा-अर्चना शुरू हुई। बड़े पंडालों में स्थापित आकर्षक प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी। गणेशोत्सव समितियों में हर साल कुछ अलग करने की होड़ इस बार भी नजर आई। कई स्थानों पर भगवान गणेश के अलग-अलग स्वरूपों और भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। मूर्तिकारों ने अपनी कल्पना से लंबोदर को बाल स्वरूप सहित विभिन्न आकर्षक रूप दिए हैं। पंडालों को भी मंदिरों और धार्मिक स्थलों की थीम पर सजाया गया है। कटघोरा की जय देव गणेश उत्सव समिति का यह नौवां वर्ष है। समिति द्वारा हर साल अलग-अलग मंदिरों की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया जाता है। इस बार गणेशोत्सव की शुरुआत का दिन धार्मिक दृष्टि से भी विशेष रहा। ज्योतिषियों और पंडितों के अनुसार हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का एक ही दिन पडऩा दुर्लभ संयोग है। इससे एक ही दिन शिव-पार्वती और उनके पुत्र भगवान गणेश की आराधना का अवसर मिला। हरतालिका व्रत रखने वाली महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर अखंड सौभाग्य की कामना की, जबकि श्रद्धालुओं ने गणपति की आराधना कर सुख-समृद्धि और विघ्नों से मुक्ति की प्रार्थना की।


10 दिन तक रहेगी भक्ति की धूम
गणपति पूजा का उत्साह अगले 10 दिनों तक घर-घर और गणेश पंडालों में नजर आएगा। सुबह-शाम आरती, पूजा, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारी की है। हरतालिका व्रत रखने वाली महिलाओं ने सोमवार सुबह से मंगलवार सुबह तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और जागरण किया जाएगा। इस दौरान निर्जला व्रत भी रखा गया, जिसे सुहागिन महिलाओं के लिए कठिन व्रत माना जाता है।
![]()
































