कोरबा। पुलिस की लगातार समझाइश व कार्रवाई के बावजूद नाबालिग शहर की सड़क पर वाहन दौड़ाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान छोटी सी चूक अनहोनी की वजह भी बन रही है। ऐसी एक घटना सामने आई है, जिसमें तेज रफ्तार स्कूटी डिवाईडर से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां कक्षा नवमी में पड़ने वाले एक 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र में भूपेंद्र सिंह वैश निवास करते हैं। वे एक निजी संस्थान में कार्यरत है। उनका इकलौता पुत्र हर्षवर्धन सिंह 13 वर्ष एक निजी विद्यालय में कक्षा नवमीं मे अध्ययनरत था। बुधवार की शाम हर्षवर्धन ने अपने पिता से स्कूटी की चाबी मांगी, लेकिन उन्होंने चाबी देने से इंकार कर दिया। किसी तरह हर्षवर्धन ने स्कूटी की चाबी हासिल कर लिया। वह अपने दोस्त वंशु जोशी 13 वर्ष के साथ स्कूटी में सवार होकर घूमने के लिए निकल गया। वे टीपी नगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सुनालिया मोड़ में तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसलते हुए डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में स्कूटी चला रहे हर्षवर्धन के सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आई, जबकि वंशु स्कूटी से उछलकर सड़क पर जा गिरा। घटना में वह भी घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया। हर्षवर्धन का उपचार टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान गुरूवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताली मेमो मिलने पर सीएसईबी पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
![]()
































