कोरबा। जिले में हुई झमाझम बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। जिसे पार करना खतरे से खाली नही है। ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जिसमें भिक्षाटन कर घर लौटते समय नाले को पार करते पति पानी के तेज बहाव में बह गया, जबकि पत्नि ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने वृद्ध को पानी से निकाल अस्पताल दाखिल कराया, जहां परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थानांतर्गत रामपुर बस्ती में गोरेलाल 60 वर्ष निवास करता था। वह अपनी पत्नि जान बाई के साथ भिक्षाटन कर बेटी का भरण पोषण व पढ़ाई लिखाई करा रहा था। पति पत्नि भिक्षाटन के लिए बालको क्षेत्र गए थे, जहां से ढेंगुरनाला के रास्ते घर लौट रहे थे। वे ढेंगुरनाला की तट पर पहुंचे, इस दौरान पानी थोड़ा कम थे। पति पत्नि ढेंगुरनाला को पार करते, इससे पहले जलस्तर बढ़ गया। पानी के तेज बहाव में पति पत्नि बहने लगे। किसी तरह पत्नि तैर कर नाले के दूसरे छोर मे पहुंच गई, लेकिन पति तेज बहाव में बह गया। महिला की चीख पुकार सुनकर नाले में थोड़ी दूर खड़े लोगों ने हिम्मत जुटाई। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर वृद्ध को नाले से बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वृद्ध को परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। गंभीर पहलू तो यह है कि पीड़ित परिवार की माली हालत पहले से ही ठीक नही थी, ऐसे मे घर के मुखिया के पानी बहने से हुई मौत के बाद परिवार के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।
नाले में मछली पकड़ते बहा ग्रामीण, रेस्क्यू जारी
कटघोरा थानांतर्गत ग्राम डिंडोलभांठा में बंधु लोहार 52 वर्ष निवास करता था। वह सोमवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के समीप नाले में मछली पकड़ने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नही लौटा। परिजनों ने खोजबीन के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी एमबी पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले पूरे उफान पर था। जिसमें मछÞली पकड़ते समय बहने की आशंका पर एसडीआरएफ को सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी ग्रामीण का सुराग नही मिला है।
![]()
































