कोरबा। गणेशोत्सव, गणपति विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने व्यापक बाइक पेट्रोलिंग की। इस दौरान प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों के साथ गणेश पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस टीम ने सिविल लाइन थाना, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र, कोतवाली और सीएसईबी थाना क्षेत्र में भ्रमण किया। गणेश पंडाल समितियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विसर्जन के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को लगातार सतर्क रहने और प्रभावी पेट्रोलिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाइक पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्वयं शहर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिस बल पेट्रोलिंग में शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान लगातार सक्रिय रहने तथा किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आयोजकों और नागरिकों से गणेशोत्सव शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।
![]()
































