कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन में गुरुवार को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें कोरबा पुलिस के साथ एसडीआरएफ, आरपीएफ, जीआरपी, मेडिकल टीम और होमगार्ड के जवान शामिल हुए। अभ्यास के दौरान दुर्घटना या आगजनी की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकालने, राहत-बचाव कार्य शुरू करने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से परखा गया।
मॉक ड्रिल में स्टेशन अथवा ट्रेन में किसी तरह की दुर्घटना होने पर रेस्क्यू टीम किस मार्ग से मौके तक पहुंचेगी और यात्रियों को किस तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाएगा, इसकी रूपरेखा पर अभ्यास किया गया। आपात स्थिति में अलग-अलग टीमों की जिम्मेदारियों और त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी अधिकारियों ने चर्चा की।ट्रेन की पैंट्री अथवा रेलवे स्टेशन परिसर में आग लगने की स्थिति को लेकर भी मॉक ड्रिल की गई। फायर सेफ्टी और होमगार्ड के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल, आग पर नियंत्रण के प्राथमिक उपाय और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आम नागरिकों को भी आगजनी के दौरान घबराने के बजाय सतर्कता के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की समझाइश दी गई।अभियान के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैंकरा, आरपीएफ इंस्पेक्टर सतीश कुमार और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा सहित एसडीआरएफ, आरपीएफ, जीआरपी, मेडिकल टीम, होमगार्ड एवं कोरबा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक घटना के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी रेस्क्यू और अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
फ्री वाई फाई इस्तेमाल करते समय सावधानी की अपील
पुलिस ने मॉक ड्रिल के साथ साइबर जागृति अभियान भी चलाया। यात्रियों को रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में उपलब्ध रेल्वेवायर/रेलनेट फ्री वाई फाई का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक वाई फाई के जरिए बैंकिंग, यूपीआई, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान वेबसाइट या ऐप पर निजी जानकारी दर्ज नहीं करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
![]()
































