कोरबा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों (सेजस) में शिक्षकों की भर्ती अब जिला स्तर की मेरिट और इंटरव्यू के बजाय राज्य स्तरीय कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगी। डीपीआई ने प्रदेश के सेजस स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर नई चयन प्रक्रिया लागू करने का फैसला किया है। परीक्षा का माध्यम अनिवार्य रूप से अंग्रेजी रखा गया है। विभाग इसी महीने ऑनलाइन आवेदन शुरू करने और अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भर्ती परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है।
अब तक सेजस में संविदा शिक्षकों की भर्ती जिला स्तर पर होती थी। 10वीं, 12वीं और कॉलेज के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार करने के साथ वॉक-इन इंटरव्यू या डेमो क्लास के जरिए चयन किया जाता था। राज्य स्तरीय एक समान परीक्षा नहीं होने से भर्ती प्रक्रिया पर सिफारिश और अंकों की गणना में मनमानी के आरोप लगते रहे हैं। वहीं, अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में ऐसे शिक्षकों के चयन पर भी सवाल उठे, जिनकी बुनियादी शिक्षा हिंदी माध्यम से हुई थी। इससे कई स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम के बच्चों को पढ़ाने में भाषा संबंधी समस्या सामने आई। नई व्यवस्था में कंप्यूटर आधारित परीक्षा और अंग्रेजी माध्यम को अनिवार्य करने से चयन प्रक्रिया में एक समान मापदंड लागू होगा।
प्राथमिक से हायर सेकेण्डरी तक होगी परीक्षा
प्राथमिक शालाओं के लिए सबसे अधिक 590 पदों पर सहायक शिक्षकों की संविदा भर्ती होगी।
वाणिज्य में 104, अंग्रेजी में 65, भौतिकी में 53, सामाजिक विज्ञान में 52, हिन्दी में 51, गणित में 49, संस्कृत में 47, रसायन में 44, जीव विज्ञान में 39, राजनीति/इतिहास में 6 भूगोल/अर्थशास्त्र में 5 पद शामिल हैं। मिडिल स्तर पर अंग्रेजी के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56, कंप्यूटर के 40 और हिन्दी/संस्कृत के 34 पद भरे जाएंगे। हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों की लैब के लिए 170 प्रयोगशाला सहायक, 60 ग्रंथपाल, 50 व्यायाम शिक्षक और शाला संचालन के लिए 51 प्रधानपाठक (प्राथमिक- 27 व पूर्व माध्यमिक-24) के पद भरे जाएंगे।
![]()
































