कोरबा। जिले के कोरबा और कटघोरा वन मंडल में हाथियों की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। रायगढ़ जिले के छाल रेंज से पहुंचे 15 हाथियों के दल ने कोरबा वन मंडल के करतला रेंज स्थित रामपुर गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने ग्रामीणों की बड़ी मात्रा में धान की फसल को पैरों तले रौंद दिया, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। रातभर क्षेत्र में विचरण करने के बाद हाथियों का दल सुबह होने से पहले वापस छाल रेंज की ओर लौट गया और जंगल में डेरा डाल दिया।
इधर, कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में भी 14 हाथियों का दल सक्रिय है। दल में शामिल एक दंतैल हाथी अक्सर झुंड से अलग होकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाता है। बीती रात दंतैल हाथी सेमरहा गांव पहुंच गया और एक ग्रामीण के मकान को निशाना बनाते हुए उसे ढहा दिया। मकान क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण का परिवार भारी बारिश के बीच बेघर हो गया। वहीं केंदई रेंज में नेशनल हाईवे पर बार-बार पहुंचकर यातायात की रफ्तार थामने वाला लोनर हाथी भी लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। बीती रात यह हाथी कांपा-नवापारा क्षेत्र से एतमानगर रेंज के मड़ई पहुंचा। यहां उसने फुलसुंदरी पति रंगीलाल के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद खेत में पहुंचकर फसल को भी रौंद दिया और बंजारी परिसर की ओर चला गया। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों द्वारा लगातार फसलों को रौंदने, मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
.
![]()
































