बलगी/कोरबा, 1 अगस्त 2026। एसईसीएल की बलगी परियोजना की आवासीय कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों एवं सुरक्षा संबंधी घटनाओं से चिंतित कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र के सब एरिया मैनेजर को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से कॉलोनी में चोरी और असामाजिक तत्वों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इससे महिलाओं, बच्चों एवं अन्य रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना आवश्यक हो गया है।
कॉलोनीवासियों की प्रमुख मांगें
कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
पूरे परिसर में पर्याप्त एवं सुचारु स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा गार्डों द्वारा नियमित गश्त एवं रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाई जाए।
आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
ज्ञापन के अंत में कॉलोनीवासियों ने विश्वास जताया है कि एसईसीएल प्रबंधन शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए रहवासियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराएगा।
ज्ञापन पर बलगी परियोजना के अनेक कॉलोनीवासियों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति एवं सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।
![]()
































