फार्म हाऊस में हुई चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
0 निशानदेही पर पलंग व कूलर सहित अन्य सामान बरामद
कोरबा। रजगामार पुलिस ने फार्म हाऊस में हुई चोरी के मामले को सुलझा लिया है। मामले में एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसकी निशानदेही पर पलंग व कूलर सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है।
कोतवाली अंतर्गत रानी रोड में अक्षत शर्मा निवास करते हैं। उनका रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम ठाकुरखेता में फार्म हाऊस है, जहां ऑफिस व एक कमरा बनाया गया है। उन्होंने फार्म हाऊस में रेफ्रिजरेटर, कूलर सहित अन्य घरेलू उपयोग के सामान रखे थे, जिसे चोरों ने पार कर दिया था। इस बात की जानकारी गांव में ही रहने वाले एक युवक ने श्री शर्मा को दी। उन्होंने पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आला अफसरों के निर्देश पर चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने अपनी टीम के साथ आरोपी की पतासाजी शुरू की। इस दौरान पुलिस को कुछ अहम जानकारी हाथ लगे, जिसके आधार पर ठाकुरखेता में रहने वाले रवि सिंह राठिया 32 वर्ष को हरािसत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो नग पलंग व कूलर के अलावा अन्य सामान बरामद करते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
![]()
































