कोरबा। एनटीपीसी कोरबा संयंत्र में शुक्रवार को हुए ब्लैकआउट के बाद बिजली उत्पादन बहाली का काम तेजी से जारी है। शनिवार 5 सितंबर को शाम 6 बजे तक संयंत्र की तीन उत्पादन इकाइयों को सफलतापूर्वक पुन: चालू कर दिया गया है। इनमें 500-500 मेगावॉट की दो इकाइयां और 200 मेगावॉट की एक इकाई शामिल है। इन तीन इकाइयों से कुल 1200 मेगावॉट बिजली उत्पादन बहाल हो गया है।
एनटीपीसी की ओर से जारी मीडिया रिलीज के अनुसार, संयंत्र की एक 500 मेगावॉट क्षमता वाली इकाई 25 अगस्त से पहले ही ओवरहॉलिंग के लिए बंद है। वहीं, शेष तीन उत्पादन इकाइयों को भी निर्धारित सुरक्षा एवं परिचालन प्रक्रियाओं के तहत क्रमबद्ध तरीके से बहाल करने का काम चल रहा है। गौरतलब है कि शुक्रवार को पीजीसीआईएल के बे में ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान हुए इलेक्ट्रिकल फॉल्ट के बाद एनटीपीसी कोरबा की सभी संचालित इकाइयां ट्रिप हो गई थीं और संयंत्र में ब्लैकआउट की स्थिति निर्मित हो गई थी। घटना के बाद रात से ही इकाइयों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। एनटीपीसी प्रबंधन ने बताया कि ब्लैकआउट की घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षा और निर्धारित परिचालन मानकों का पालन करते हुए शेष इकाइयों को भी क्रमश: बहाल किया जा रहा है।
![]()
































