कोरबा। हसदेव नदी में मछली पकड़ने के लिए बिछाए जाल को निकालने गया युवक गहरे पानी में उतरने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर सेना की डीडीआरएफ टीम को बुलाकर नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवक के नदी में बह जाने से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन बदहवास हैं।
जानकारी के मुताबिक कोरबी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम गडरा निवासी प्रभुदयाल सिदार (33) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसने हसदेव नदी के पठानघाट डुबान क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। 16 सितंबर की सुबह करीब वह जाल निकालने नदी में गया था। जाल को निकालने के दौरान वह डुबान क्षेत्र में नीचे की ओर चला गया और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका। देखते ही देखते वह नदी के गहरे पानी में पहुंच गया और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। युवक के बहने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल पठानघाट पहुंच गए। सूचना मिलने पर कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद नगर सेना की डीडीआरएफ टीम को सूचना दी गई। टीम ने नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव और गहराई तलाशी अभियान में बाधा बन रही है। लगातार प्रयास के बावजूद 24 घंटे बाद भी प्रभुदयाल का पता नहीं चल पाया है। शुक्रवार को भी खोजबीन शुरू की गई।
![]()

