कोरबा/भैसमा। जिला उपसंचालक पशुधन विकास विभाग डॉ. एस. एन. मिश्रा के निर्देशन में पशुधन विकास विभाग, भैसमा द्वारा पशु चिकित्सक डॉ. सतीश राठौर के नेतृत्व में 25 जून 2026 को ग्राम हाथीमोड़ (ग्राम पंचायत चाकामार) वही 26 जून 2026 को ग्राम पंचायत मसान में पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पशुओं को गलघोटू एवं एकटंगिया रोग से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण किया गया तथा विभिन्न पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही पशुपालकों को वर्षा ऋतु में होने वाले पशु रोगों की रोकथाम एवं बचाव संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा वैज्ञानिक एवं उन्नत पशुपालन तकनीकों के बारे में जागरूक किया गया। शिविर में रोग निगरानी के अंतर्गत पशुओं के गोबर, मूत्र एवं रक्त के नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही पशुओं को कीलनीनाशक इंजेक्शन, कृमिनाशक दवा पिलाई गई तथा आवश्यक निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। वही इस अवसर पर पशु चिकित्सालय भैसमा की क्षेत्राधिकारी श्रीमती रश्मि जांगड़े, श्रीमती सीमा कमार, निजी कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता मनोज भारद्वाज, रतराम अजगल्ले, लखनलाल पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे।
पशुधन विकास विभाग ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें, जिससे पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
![]()
































