कोरबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जिले में संचालित सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत थाना बालको क्षेत्र अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं नशे के विरुद्ध लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह द्वारा ग्राम बुंदेली में ग्रामीणों की बैठक लेकर नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए नुकसानदायक है। इससे दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें। बैठक के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि गांव में अवैध रूप से शराब बिक्री या अन्य नशीले पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। वहीं ग्राम कोटवार द्वारा गांव में मुनादी कर लोगों को अवगत कराया गया कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पूर्व ही आबकारी एक्ट के तहत रजगारमार चौकी द्वारा कार्यवाही उक्त गांव में की गई थी। पुलिस ने कहा कि अभियान के अंतर्गत अपराध नियंत्रण, नशे के विरुद्ध कार्रवाई एवं आमजन में जागरूकता लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगे भी ऐसी कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।
बॉक्स
महिलाओं की सूचना पर पुलिस ने कई घरों में दी दबिश
इसी क्रम में थाना कुसमुण्डा क्षेत्र के वार्ड क्र. 65 भैरोताल क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस को अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशे की बिक्री की सूचना दी। महिलाओं की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कुसमुण्डा पुलिस ने कई घरों में दबिश दी एवं मौका निरीक्षण के आधार पर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कुसमुण्डा निरीक्षक मृत्युजय पाण्डेय स्वयं अपने स्टॉफ के साथ भैरोताल बस्ती पहुँचे एवं सामुदायिक भवन में क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी महिलाओं को निडर होकर क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा बस्ती में पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए अवैध शराब एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी से सामाजिक बुराइयों का त्याग कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध शराब बनाने एवं बिक्री करने वालों पर यथाविधि कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
































