कोरबा। रिस्दी- बरबसपुर बाईपास मार्ग में ट्रेलर के चालक ने बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रेलर की ठोकर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना में बाइक सवारों को गंभीर चोटें आई। उन्हें डॉयल 112 की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन की पतासाजी कर रही है। बताया जा रहा है कि बालको थानांतर्गत वार्ड क्रमांक 38 में बहरता सिंह 38 वर्ष निवास करता था। वह अपने साथी विरेंद्र के साथ बाइक में सवार होकर कहीं जा रहा था। वे रिस्दी- बरबसपुर बाइपास मार्ग में पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रेलर की ठोकर से बहरता और विरेंद्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना में दोनों को गंभीर चोटें आई। लोग मौके पर एकत्रित होते, इससे पहले चालक दुर्घटनाकारित वाहन को लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने डॉयल 112 को सूचना दी। डॉयल 112 की टीम ने दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत बहरता सिंह को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को मर्च्युरी शिफ्ट किया गया था। मामले में अस्पताली मेमों के आधार पर मंगलवार की सुबह वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस मर्ग कायम कर दुर्घटनाकारित वाहन व चालक की पतासाजी कर रही है।
![]()
































