कोरबा। उरगा- बिलासपुर खंड के बीच निर्माणाधीन भारतमाला राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस मार्ग का उपयोग सिर्फ निर्माण कार्य में संलग्न वाहन, मशीनरी व अधिकृत कर्मी कर सकेंगे। एनएचएआई द्वारा सीसीटीवी कैमरे से मार्ग की निगरानी की जाएगी। यदि नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस आशय का निर्देश भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना इकाई कोरबा के इकाई परियोजना निदेशक अंकित आनंद ने जारी किया है। दरअसल भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर धनबाद इकोनॉमिक कॉरीडोर एनएच 130 ए विकसित किया जा रहा है। जिसमें उरगा- बिलासपुर खंड भी शामिल है। यह खंड निर्माणाधीन है। यह मार्ग सामान्य रूप से यातायात के लिए चालू नही किया गया है। बावजूद इसके भारतमाला राजमार्ग में आवाजाही बढ़ती जा रही है। लोग शार्ट कट व भारी ट्रैफिक की समस्या से बचने राजमार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। निर्माणाधीन सड़क पर न सिर्फ हादसे की आशंका बढ़ गई है, बल्कि निर्माण कार्य भी प्रभावित हो सकता है। जिसके मद्देनजर भारतमाला राजमार्ग के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उरगा- बिलासपुर के बीच निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर आवागमन रोकने एंट्री व एग्जिट पाइंट को बंद कर दिया गया है। साथ ही पूरे राजमार्ग में निगरानी के लिए सीसीटीवी सर्विलांस प्रणाली स्थापित की जा रही है। अफसरों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद मार्ग में प्रवेश करने वाले व्यक्ति व वाहन के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।एनएचएआई प्रबंधन ने आम लोगों से अपील की है कि निर्माणाधीन मार्ग पर प्रवेश न करें। केवल वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। निर्माणाधीन मार्ग पर अनाधिकृत प्रवेश न केवल सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण है, बल्कि निर्माण कार्य भी प्रभावित हो सकती है।
नहर मार्ग पर बढ़ेगा दबाव
उरगा- बिलासपुर मार्ग में कुदुरमाल के समीप पुल की हालत को देखते हुए पहले ही आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इस पुल के बंद होने पर लोग भारतमाला सड़क का इस्तेमाल कर रहे थे। अब जब निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग में प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऐसे मे एक बार फिर सर्वमंगला- कनकी नहर मार्ग में दबाव बढेÞगा। जिससे आमलोगों को परेशानी हो सकती है।
![]()
































