कोरबा। ढेलवाडीह विद्युत सब स्टेशन में स्थापित ट्रांसफार्मर में ओवरलोड के कारण तेल रिसाव (लीकेज) होने लगा। जिसके कारण पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। लंबे समय से बिजली बाधित रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का सबसे अधिक असर ग्राम जवाली सहित आसपास के गांवों व पंचायतों डोंगरी, तिलवारी, बसंतपुर, मुढाली, बढ़ाईमार, रॉयल, चाकाबुड़ा, बुंदेली, सिंघाली, कसाईपाली तथा अन्य क्षेत्रों पर पड़ा है। पहले शहर प्रभावित थे, अब गांवों में भी बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया है। ग्राम जवाली के पटेल कॉम्प्लेक्स में कुछ नागरिकों ने जनरेटर की सहायता से लगभग दो घंटे तक पानी की व्यवस्था कराई। पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नदियापार और मुराई कछार क्षेत्र में भी दर्जनों परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली आपूर्ति ठप रहने से घरेलू कार्य, विद्यार्थियों की पढ़ाई, कृषि कार्य, छोटे व्यवसाय तथा ऑनलाइन खाद, धान और बीज बिक्री का कार्य भी पिछले दो दिनों से प्रभावित है। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पाने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर में तेल रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण बार-बार तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। लोगों ने विभाग से ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यक होने पर उसका प्रतिस्थापन कर नियमित व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे।
![]()
































