कोरबा। बुधवारी बाजार स्थित राहुल इवेंट एंड साउंड सर्विस की एक गाड़ी गुरुवार सुबह एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के कारण गाड़ी बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार ड्राइवर और हेल्पर को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार की सुबह लगभग 4:30 बजे की है। राहुल इवेंट एंड साउंड सर्विस की टाटा योद्धा गाड़ी क्रमांक सीजी 12 ए एक्स 7910 आईटीआई चौक से बुधवारी की तरफ जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। अत्यधिक गति और लापरवाही के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के लोहे के खंभे से जा टकराई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मजबूत लोहे का बिजली का खंभा भी बुरी तरह मुड़ गया। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली ठप हो गई। सुबह-सुबह हुए इस जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे में गाड़ी के ड्राइवर और हेल्पर दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के निजी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
![]()
































