कोरबा। आईओसीएल गोपालपुर डिपो एरिया में असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ गई है।असामाजिक तत्व ईंधन लेने आने वाले पम्प संचालकों व कर्मियों पर हमला कर मारपीट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही मामला शुक्रवार को सामने आया, जब टर्मिनल एरिया में पम्प संचालक व कर्मी के साथ मारपीट की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।
रायगढ़ अन्तर्गत घरघोड़ा में संचालित गोमती फ्यूल्स का संचालक खीरू राम राय 3 जुलाई को रवि ट्रांसपोर्टर गोपालपुर से अपने पेट्रोल पम्प के लिए टैंकर क्रमांक सीजी 07 बीई 0957 को लेने पहुंचा था। दर्ज एफआईआर के अनुसार टैंकर ड्राइवर टैंकर को लेकर आईओसीएल गोपालपुर के भीतर गया। पेट्रोल-डीजल भराकर टैंकर को आईओसीएल गेट के पास खड़ा कर रहा था। तभी दोपहर लगभग 12.10 बजे खीरू राम राय भी वहां पहुंचा। उसी समय संजय कुर्रे नामक व्यक्ति उसके पास आया और उससे सवाल जवाब करने लगा। संचालक खीरू राम ने उसे अपने आने का कारण बताया। इतना सुनते ही संचालक के साथ संजय कुर्रे ने गाली गलौच करते हुए हाथ में रखे डंडे से मारपीट करना शुरू कर दिया। दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी। हमले के डर से वह अपने टैंकर के पास चला गया। कुछ देर तक टैंकर में ही बैठा रहा। मारपीट से उसके दाएं जांघ में चोंट आई है। मामले में खीरू राम राय की रिपोर्ट पर दर्री पुिलस ने आरोपी संजय कुर्रे के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। शुक्रवार की दोपहर 2.10 बजे मारपीट की एक और घटना सामने आई। ग्राम कथरीमाल निवासी तमेश्वर राजवाड़े के साथ मारपीट की गई। तमेश्वर आरन फ्यूल्स बलौदा पेट्रोल पंप में काम करता है। वह गोपालपुर इंडियन ऑयल डिपो में डीजल-पेट्रोल टैंकर लेने आया था। मंदिर के पास पहुंचा था तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे भी कहां से आए हो और आने का कारण पूछा। कर्मी ने भी टैंकर लेने आने की बात ही। उसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसी समय दो अन्य लोग भी पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। जिससे कर्मी के गले व पीट में चोंट आई है। इस मामले में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। गोपालपुर डिपो क्षेत्र में एक के बाद एक हुई मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। डिपो एरिया संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में असामाजिक तत्वों की गुंडा गर्दी से डिपो में पेट्रोल-डीजल लेने आने वाले कर्मियों व संचालकों में दहशत व्याप्त है।
![]()
































