कोरबा। यातायात पुलिस ने नो एंट्री में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। जहां नो एंट्री में खड़े वाहन के पहिए को लॉक किया जा रहा है, वहीं नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस ने एक ही दिन के भीतर ऐसे दस वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। भारी वाहनों की आवाजाही के लिए सुबह 7 से रात 11 बजे तक प्रतिबंध लगाया गया है। बावजूद इसके चालक भारी वाहनों को लेकर नो एंट्री में प्रवेश कर जाते हैं। शहर की कई ऐसी प्रमुख सड़कें हैं, जहां निर्धारित समय से पहले ही वाहनों को खड़े किए जाते हैं। जिससे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व डीएसपी डीके सिंह के मार्गदर्शन में एएसआई मनोज राठौर ने अपनी टीम के साथ नो एंट्री में प्रवेश करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। शनिवार को सीतामढ़ी से पुराना बस स्टैंड और सेंट्रल वर्कशॉप से मुड़ापार रोड, महाराणा प्रताप चौक के बीच चलाए गए अभियान में यातायात पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के पहिए को लॉक कर दिया। अभियान के तहत टीम ने प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने वाले दस वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। खास बात तो यह है कि यातायात पुलिस ने नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते आ रही है। यदि आंकड़े की बात करें तो 1 जनवरी से 3 जुलाई तक नो एंट्री के 73 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में 1 लाख 82 हजार 500 रूपए समन शुल्क की वसूली की गई है।
![]()































