कोरबा। लगातार हुई बारिश के बाद नदी नाले उफान पर आ गए हैं। इस दौरान उफनते नाले में मछली पकड़ने उतरा ग्रामीण बहकर लापता हो गया था। जिसका रेस्क्यू टीम ने 48 घंटे बाद शव बरामद किया।
कटघोरा अन्तर्गत डिंडोलभाठा निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गया था। सोमवार रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर मंगलवार सुबह इसकी सूचना पुलिस थाना में दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही थी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मंगलवार को दिनभर नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज होने की वजह से काम रोकना पड़ा। नाला आगे चलकर अहिरन नदी में मिलता है। लगातार बारिश के कारण नदी और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह फिर से संयुक्त टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। 48 घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
![]()
































