कोरबा। पुरी की तर्ज पर जिले में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारी में आयोजन समितियां जुट गई हैं। भगवान जगन्नाथ इन दिनों ज्वर लीला के कारण विश्राम काल में हैं। स्वस्थ होने के बाद 16 जुलाई को जिले में उनके बड़े भाई बलदाऊ और बहन सुभद्रा के साथ 6 स्थानों से रथयात्राएं निकलेंगी। खास बात यह है कि इनमें से सिर्फ 3 रथयात्राओं में ही भगवान प्रतीकात्मक रूप से अपनी मौसी के घर जाएंगे। 6 रथयात्राओं में 3 स्थानों पर भगवान पूरे नौ दिन विश्राम करेंगे, जबकि शेष में एक रात विश्राम करेंगे। रथ यात्रा के लिए प्रसिद्ध जिले के दादर गांव में आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां शामिल होने वाले भक्तों को भगवान को भोग लगाने के बाद देर शाम तक प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। रथयात्रा के बाद भगवान अपनी मौसी के घर आराम करेंगे। जहां आयोजकों द्वारा प्रतिदिन विशेष पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और सेवा होगी। 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी पर भगवान की वापसी यात्रा निकाली जाएगी। जिले के तीनों स्थानों पर वापसी रथयात्रा का भी उत्साह देखते बनता है।एसईसीएल सुभाष ब्लॉक स्थित शिव मंदिर, रामजानकी मंदिर सीतामढ़ी, छुरीखुर्द नगर पंचायत में 16 जुलाई को उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्राएं निकलेंगी। इन यात्राओं में भगवान नगर भ्रमण के बाद उसी मंदिर में लौट आएंगे, जहां से उनका प्रस्थान होगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर अलग-अलग संस्था संगठनों द्वारा पूर्व की तरह रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
![]()
































