कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम कोरबी (धतुरा) में जमीन विवाद को लेकर एक किसान के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। ग्राम कोरबी (धतुरा) निवासी फत्ते सिंह राठौर (62 वर्ष) की लिखित शिकायत पर रोहित प्रताप सिंह राठौर, चैतन्य प्रताप सिंह राठौर एवं मौसम सिंह राठौर के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया है। शिकायत में किसान ने बताया कि उसकी और रोहित प्रताप सिंह राठौर के परिवार की कृषि भूमि आपस में लगी हुई है। दोनों परिवारों के बीच वर्ष 1977 में आपसी बंटवारा तथा वर्ष 1991 में खाता विभाजन होने के बाद से सभी अपने-अपने हिस्से की जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रोहित प्रताप सिंह राठौर के पिता के निधन के बाद से विवाद बढ़ गया। बेचुराम की मृत्यु के पश्चात् रोहित प्रताप सिंह राठौर जो पुलिस विभाग में पुलिस कर्मी है, वर्तमान में निलंबित है तथा कोरबा जिला में पदस्थ है। उसके द्वारा पुलिस का रौब दिखा कर हमेशा गाली गलौच, जान से मारने की धमकी व किसी भी समय आते-जाते चार पहिया वाहन में दुर्घटना कराकर मारने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि विगत दो वर्ष पूर्व से पीड़ित के खेत को जेसीबी चलाकर नुकसान करता है। अपनी भूमि को मौसम सिंह राठौर पिता राधेलाल राठौर ग्राम कोरबी को अधिया में दिया है। इस कड़ी में 17 जून को तीनों आरोपी जेसीबी लेकर खेत पहुंचे और खेत में मशीन चलाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा जेसीबी से गाड़ देने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना के बाद वह और उसका परिवार भयभीत हैं।हरदीबाजार थाना में शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर रोहित प्रताप सिंह राठौर, चैतन्य प्रताप सिंह राठौर एवं मौसम सिंह राठौर के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
![]()
































