कोरबा। रेलवे स्टेशन कोरबा में एक छात्रा ट्रेन में चढ़ने की हड़बड़ी में हादसे का शिकार होते होते बाल बाल बची। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने छात्रा को ट्रेन के पहिए के नीचे आने से बचा लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है। कि घटना बुधवार सुबह 6.30 बजे कोरबा रेलवे स्टेशन में सामने आई। कोरबा से रायपुर जाने वाली हसदेव एक्सप्रेस प्लेट फार्म से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान छात्रा ट्रेन के गेट का दरवाजा पकड़कर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन ने गति पकड़ ली। जिससे छात्रा का पैर फिसल गया और वह गेट पर लटककर ट्रेन के पहिए के पास पहुंच गई। स्टेशन ड्यूटी में तैनात आरपीएफ जवानों की नजर उस पर पड़ी। दो जवानों ने तुरंत दौड़कर छात्रा को खींचकर उसकी जान बचाई। हादसे के बाद लोको पायलट को सूचना देकर ट्रेन को रोका गया। रेलवे पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित प्लेट फार्म में लाकर समझाइश दी। पूछताछ में पता चला कि छात्रा कोरबा की निवासी है और रायपुर में पढ़ाई करती है। कुछ देर बाद उसे ट्रेन में सुरक्षित बैठकर उसे रवाना किया गया। आरपीएफ ने यात्रियों को सुरक्षित यात्रा की सलाह देते हुए कहा कि चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास न करें। यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के रूकने के बाद ही उसमें चढ़े और गेट से लटककर यात्रा न करें। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोग आरपीएफ जवानों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।
![]()
































