कोरबा। लगभग दस दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान जिलेवासियों को गुरुवार दोपहर शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद शुरू हुई वर्षा शाम तक रुक-रुक कर होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय बाद हुई बारिश से सड़कों पर उड़ रही धूल भी थम गई।मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की संभावना जताई थी। जुलाई की शुरुआत में हुई अच्छी बारिश के बाद करीब दस दिनों तक वर्षा नहीं होने से तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे लोग उमस से बेहाल थे और खरीफ खेती भी प्रभावित हो रही थी। गुरुवार की बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। खेतों में नमी लौटने से बुआई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि आधा आषाढ़ बीतने के बाद भी मानसून अब तक पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर खेती को और लाभ मिलने की संभावना है। फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार दोपहर से शहर के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। अभी तक 286.01 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। 10 साल का औसत 373.7 मिलीमीटर है। इस हिसाब से अभी तक 76.6 प्रतिशत औसत बारिश हुई है। 23.4 प्रतिशत की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक गरज चमक के साथ कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश होगी। बंगाल में बने सिस्टम की वजह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कटघोरा, पाली और बरपाली क्षेत्र में भी बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश थमने के बाद तापमान 35 डिग्री पर पहुंच गया था। अब दो डिग्री की कमी आई है। आगे 4 से 5 डिग्री तापमान गिरने की संभावना है।
![]()
































