कोरबा। राशन कार्ड में दर्ज किसी सदस्य की ई-केवाईसी अब तक नहीं हुई है तो तुरंत करा लें। खाद्य विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सदस्यों को राशन वितरण से वंचित होना पड़ सकता है। जिले में अभी भी करीब 77 हजार सदस्य ऐसे हैं, जिनकी ई-केवाईसी लंबित है। ऐसे सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। खाद्य विभाग के अनुसार पिछले एक वर्ष से जिले में ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है। बार-बार समय बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद बड़ी संख्या में हितग्राही अब तक ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं। अब अंतिम तिथि नजदीक आते ही उचित मूल्य की दुकानों (पीडीएस) में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिन सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे सदस्यों का नाम राशन कार्ड से हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसलिए सभी हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना तुरंत ई-केवाईसी करा लें। अधिकांश उचित मूल्य दुकानों में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। हितग्राही अपने आधार कार्ड के साथ संबंधित पीडीएस दुकान पहुंचकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित केंद्रों पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मोबाईल के सहायता से आप निर्देशों का पालन करते हुए केवाइसी करा सकते है। 77 हजार सदस्य अब भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं। यदि ये लोग समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो राशन मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
![]()
































