कोरबा। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के महामंत्री नाथूलाल पांडेय के एक आदेश ने संगठन में भूचाल ला दिया है। एक साथ सात समितियों को उन्होंने भंग करते हुए उनके वित्तीय व्यवहार को पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया है। कुछ पदाधिकारियों की गतिविधियां संगठन की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक सुदृढ़ता के प्रतिकूल पाई गई। जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
एचएमएस से सम्बद्ध कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नथूलाल पाण्डेय ने बड़ा कदम उठाते हुए एसईसीएल के गेवरा, दीपका व सीईडब्ल्यूएस-गेवरा क्षेत्र से जुड़ी कई क्षेत्रीय व शाखा समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस संबंध में नथूलाल पाण्डेय ने मंगलवार को कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार कुछ पदाधिकारियों की गतिविधियां संगठन की एकता, अनुशासन व संगठनात्मक सुदृढ़ता के प्रतिकूल पाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। संगठन ने इसे संगठन के व्यापक हित में लिया गया निर्णय बताया है। भंग की गई समितियों में गेवरा क्षेत्रीय समिति, दीपका क्षेत्रीय समिति, सीईडब्ल्यूएस-गेवरा क्षेत्रीय समिति, गेवरा परियोजना शाखा समिति, गेवरा क्षेत्र शाखा समिति, दीपका परियोजना शाखा समिति, दीपका क्षेत्र शाखा समिति शामिल है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि इन समितियों के सभी पूर्व पदाधिकारियों के प्रशासनिक, वित्तीय व बैंकिंग अधिकार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि अब कोई भी पूर्व पदाधिकारी संगठन के बैंक खाते का संचालन, धनराशि का आहरण, चेक जारी करने या किसी भी प्रकार का वित्तीय लेन-देन नहीं कर सकेगा। आदेश के बाद किया गया कोई भी वित्तीय लेन-देन संगठन की ओर से मान्य नहीं होगा और उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। संगठनात्मक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए कार्यकारी अध्यक्ष व कोरबा संभाग प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल को संयोजक बनाते हुए एक अंतरिम समिति गठित की गई है। समिति में गिरिजा साहू, सुरेंद्र मिश्रा, अशोक साहू, शिव कुमार, राजेश सिंह, आरएस तिवारी, दीपक कुमार दुबे, वीरेंद्र कुमार राठौर, अनुराग बेहेरा, बसंत कुमार साहू, मिहु लाल साहू, नंद कुमार राठौर और श्यामता साहू को सदस्य बनाया गया है। आदेश के अनुसार अंतरिम समितिक्ष संबंधित क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक विचार-विमर्श के बाद नई तदर्थ समितियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा करेगी। नियमित चुनाव होने तक यही समिति संगठनात्मक कार्यों का संचालन करेगी।
![]()
































