कोरबा। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू के नेतृत्व में विभिन्न वार्डों के कांग्रेस पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर कोरबा शहर की बदहाल सड़कें, लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया है कि देश को बिजली देने वाले ऊर्जानगरी के नागरिक स्वयं मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। शहर की अधिकांश सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेसी पार्षदों ने बताया कि हल्की बारिश अथवा तेज हवा चलने पर कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। लगातार हो रही बिजली कटौती से विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों व आम उपभोक्ताओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। ज्ञापन में नगर निगम द्वारा जल कर में की गई वृद्धि पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। पार्षदों ने बताया कि पहले जहां जल कर 60 रुपए प्रतिमाह था, उसे बढ़ाकर 200 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही नए नल कनेक्शन के लिए 3,500 रुपए से बढ़ाकर 7,500 रुपए तक शुल्क लिया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में जल आपूर्ति बार-बार बाधित होती है तथा कई क्षेत्रों में दो से तीन दिनों तक पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता। पार्षदों ने कहा कि कोरबा जैसे औद्योगिक व ऊर्जा उत्पादन के महत्वपूर्ण शहर में नागरिकों को सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेसी पार्षदों ने ज्ञापन के माध्यम से उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि शहर की बदहाल सड़कों का शीघ्र निर्माण, विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित तथा पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए बढ़ाए गए शुल्कों की समीक्षा की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
![]()
































