कोरबा। सरगुजा से बुआ के घर मेहमानी में आए एक युवक की लाश गांव के समीप झरने के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक एक दिन पहले नहाने के नाम पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार को बच्चों की नजर झरने के ऊपर रखे उसके कपड़ों पर पड़ी, जिसके बाद परिजनों ने नीचे तलाश की तो उसकी लाश मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना लेमरू थाना क्षेत्र के चिरईझुंझ बस्ती की है। जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर जिले के ग्राम दरिमा निवासी रमेश अगरिया (45) चार-पांच दिन पहले चिरईझुंझ निवासी अपनी बुआ के घर मेहमानी में आया था। बुधवार की शाम करीब चार बजे वह नहाने की बात कहकर घर से निकला था। उस समय घर में बच्चे ही मौजूद थे। शाम को परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे तो रमेश के नहीं मिलने पर बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि रमेश नहाने के लिए गया है। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार दोपहर गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित झरने की ओर बच्चे पहुंचे। वहां झरने के ऊपर रमेश के कपड़े दिखाई दिए। संदेह होने पर परिजनों ने झरने के नीचे तलाश की, जहां रमेश की लाश मिली। घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की संभावना है।
![]()
































