कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चे नहाने के लिए अलगू तालाब गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद अनहोनी की आशंका हुई। खोजबीन के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम नुनेरा निवासी इंदु अगरिया (7), पिता दुर्जन, राखी (8), पिता मलखम और साधना (8), पिता सुखसिंह गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे गांव के अलगू तालाब में नहाने के लिए गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी तीनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ तालाब पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू की। तालाब के किनारे तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन तेज की। तलाश के दौरान राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का मर्ग पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
![]()
































