कोरबा। सुदूर वनांचल ग्राम जिल्गा में गुरुवार शाम घर में परिजनों के साथ बैठे 42 वर्षीय किसान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ के बाद वह देखते ही देखते बेहोश हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा निवासी पंकज कुमार राठिया (42) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि वह करीब एक माह से रक्तचाप (बीपी) की समस्या से परेशान था और उसका उपचार चल रहा था। गुरुवार शाम पंकज घर में परिजनों के साथ बैठा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जानकारी में बीपी और लकवा संबंधी बीमारी को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही होगी।
![]()
































