कोरबा। नगर पंचायत पाली और ग्रामीण क्षेत्रों में कई खुले विद्युत ट्रांसफार्मर है जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। नगर पंचायत पाली मे पोड़ी रोड़ में ऐसे ही एक खुले ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर एक बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई। नगर पंचायत के पोड़ी रोड स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर ट्रांसफार्मर स्थित है, जिसका बॉक्स पूरी तरह खुला हुआ है। बारिश के कारण विद्युत ट्रांसफार्मर के बॉक्स के आसपास करंट प्रवाहित था। एक बछड़ा चरते चरते यहां पहुँच गया और इसकी चपेट में आ गई। तत्काल ही तड़प कर उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर गौ सेवकों में गहरा आक्रोश और असंतोष व्याप्त हो गया है। मोहल्ले वासियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार विभाग का इस ओर ध्यानाकर्षण कराया गया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। फलस्वरूप दुर्घटना हो गई। मुख्य मार्ग और आसपास स्कूल होने के कारण राहगीरों अथवा स्कूली बच्चों का आना जाना बना रहता है। ट्रांसफार्मर सड़क के किनारे होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। नगर पंचायत में कई और जगह ऐसे ही विद्युत ट्रांसफार्मर खुले पड़े हुए हैं। इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर उचित व्यवस्था विद्युत विभाग को करने की आवश्यकता है। जिससे ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।
![]()
































