कोरबा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पुराना बस स्टैंड से गांधी चौक तक पैदल मार्च किया। पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मिठाइयां बाटी और आतिशबाजी करते हुए छात्रों की जीत का जश्न मनाया। पूर्व मंत्री जय सिंह ने कहा कि देश के युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि सत्ता कितनी भी शक्तिशाली क्यों ना हो यदि जनता का संघर्ष सच्चा और लोकतांत्रिक हो तो उसे झुकना भी पड़ता है। देश के छात्रों ने मोदी सरकार के घमंड को तोड़ दिया है। राष्ट्रीय परीक्षाओं में लगातार सामने आए पेपर लीक ने लाखों छात्रों की वर्षों की मेहनत और उनके सपनों के साथ भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। इसके बाद भी केंद्र सरकार लंबे समय तक जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय विपक्ष और छात्रों की आवाज को अनसुना करती रही। कांग्रेस ने पहले ही दिन से पूरे प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। संसद से लेकर सड़क तक कांग्रेस ने छात्रों की आवाज बुलंद की और देशभर में जन आंदोलन चलाया। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर मंतर से संसद मार्च के दौरान हजारों छात्राओं ने शांतिपूर्वक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया अनेक छात्र घायल हुए फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपना आंदोलन जारी रखा। आज यही संघर्ष अपनी मंजिल तक पहुंचा है। लोकतंत्र में लाठी की ताकत नहीं जनता की ताकत सबसे बड़ी होती है।
![]()
































